कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए पुलिस महकमा सबसे अधिक कवायद कर रहा है। राशन और दूध की व्यवस्था से लेकर लॉकडाउन का पालन कराने में पुलिस लगी है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों की दिनचर्या भी बदल गई है।
वे खुद को फिट रखने के लिए घर में ही 30 मिनट योगा तो दौड़ भी लगा रहे हैं। खानपान में बदलाव कर लिया है। चिकनाई युक्त खाने से दूरी बना ली है। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए संतरे का जूस और नींबू पानी पी रहे हैं।
घर आते ही नहाना, फिर गर्म पानी पीते हैं: सौरभ दीक्षित
क्षेत्राधिकारी हरीपर्वत (अपर पुलिस अधीक्षक) एएसपी सौरभ दीक्षित बताते हैं कि रोजाना पांच बजे जाग जाते हैं। इसके बाद सबसे पहले आधा घंटे तक योगा करते हैं। घर के गार्डन में ही दौड़ लगाते हैं। इसके बाद क्षेत्र में निकल जाते हैं। हॉटस्पॉट से लेकर अन्य इलाकों में जाना पड़ता है।
इस दौरान संक्रमण से बचाव का भी ध्यान रखते हैं। मुंह से मास्क नहीं उतारते हैं। गाड़ी को रोजाना सैनिटाइज कराते रहते हैं। घर आने पर सीधे बाथरूम में जाते हैं। कपड़ों को गर्म पानी में डालने के बाद नहाने चले जाते हैं। पूरी तरह से सैनिटाइज होने के बाद ही परिवार के लोगों से मिलते हैं। गर्म पानी पीते हैं। इससे फिटनेस बनी रहती है।